हटा: सेंट्रल बैंक में सोमवार-मंगलवार की रात अज्ञात चोर ने चोरी का प्रयास किया, जिसे पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विफल कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया, जिससे संभावित बड़ी घटना को टालने में सफलता मिली।

दमोह के एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने मंगलवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया और बैंक अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बैंक के निरीक्षण के लिए डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट टीम को तैनात किया गया है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

एसपी सोमवंशी ने कहा, "सोमवार देर रात बैंक में चोरी का प्रयास किया गया। थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। बैंक के कर्मचारियों को भी दिल्ली से एक्सेस मिला, जिससे पुलिस को तुरंत जानकारी दी गई।"

थाना प्रभारी सुधीर बेगी की त्वरित कार्रवाई के चलते चोर बैंक का अलार्म बजने पर भाग निकला। सुबह डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट टीम ने बैंक का निरीक्षण किया, जिसमें किसी प्रकार की घटना नहीं हो पाई। हालांकि, बैंक के पीछे की सुरक्षा कमजोर होने की वजह से बैंक प्रबंधन को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैंक मैनेजर अखिलेश कुमार ने बताया, "दिल्ली से हमें सूचना मिली कि बैंक में कोई घटना का प्रयास हो रहा है। हमने तुरंत पुलिस को सूचित किया। बैंक में साढ़े चार लाख रुपये नगद थे और 25 लाकर हैं, लेकिन पुलिस की सजगता और नेट कनेक्टिविटी की मदद से एक बड़ी घटना टल गई।"

हटा क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों में डेढ़ दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिनका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। अब देखना होगा कि पुलिस बैंक में चोरी का प्रयास करने वाले चोर को कब तक पकड़ पाती है।