मेहंदी में लिखे संदेश बने जांच का अहम सुराग

चौरई में विवाहिता की संदिग्ध मौत

छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा के चौरई थाना क्षेत्र के ग्राम चन्हियाखुर्द में 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार महिला ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के दौरान महिला के हाथों और पैरों पर मेहंदी से लिखे संदेश मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए सुरक्षित कर लिया है।
चौरई थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले के अनुसार मृतका की पहचान प्रीति वर्मा (32) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन उसे पहले जिला अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के हाथ और पैरों पर मेहंदी से लिखे संदेशों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। इन संदेशों को केस डायरी में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि इन संदेशों की भी जांच की जा रही है और अन्य साक्ष्यों के साथ उनका परीक्षण किया जाएगा।