छतरपुर: सिटी कोतवाली अंतर्गत चौबे तिराहे पर दो वक्त की रोटी के लिए गुटखा का डिब्बा लगाने वाले बुजुर्ग पर दबंगों का कहर, पैसे मांगने पर बेरहमी से पीटा

छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चौबे तिराहे के पास शराब ठेके के सामने गुटखा का छोटा-सा डिब्बा लगाकर अपने परिवार का पेट पालने वाले एक बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवक नशे की हालत में डिब्बे पर पहुंचे और सामान लेने के बाद जब बुजुर्ग ने मेहनत की कमाई के पैसे मांगे, तो दोनों आगबबूला हो गए।

पीड़ित के अनुसार, दोनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की कोशिश भी की। अचानक हुई इस घटना से आसपास अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह बुजुर्ग को आरोपियों से बचाया।

बुजुर्ग ने बताया कि उनका यही छोटा-सा गुटखा का डिब्बा परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा है। दिनभर धूप, गर्मी और बारिश में बैठकर होने वाली छोटी-सी कमाई से ही घर का खर्च चलता है। उन्होंने केवल सामान के पैसे मांगे थे, लेकिन बदले में उन्हें मारपीट और अपमान का सामना करना पड़ा।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट होती दिखाई दे रही है। पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले बुजुर्ग के साथ हुई इस तरह की घटना बेहद दुखद है और ऐसे मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होना जरूरी है।