बेगमगंज: मात्र 8 घंटे में पुलिस ने सुलझाई चोरी की गुत्थी

बेगमगंज के घोषी मोहल्ला स्थित रितेश जैन की हार्डवेयर दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मात्र 8 घंटे में सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बेगमगंज में अपराध क्रमांक- 49/26 धारा 331(4), 305(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी और थाना प्रभारी द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए घटना स्थल का निरीक्षण किया गया।

  • करीब 15-20 वीडियो फुटेज का अध्ययन किया गया।
  • अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई।
  • प्राप्त वीडियो फुटेज के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की गई।

पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में, अति. पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे, एसडीओपी सोनाली गुप्ता एवं थाना प्रभारी राजीव उईके के नेतृत्व में टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान आरोपी अनिल पिता गणेशराम कुशवाहा ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसने दुकान के पीछे के रास्ते से सटर खोलकर प्रवेश किया, कैमरे का कनेक्शन काटकर DVR चुराया और दराज में रखे 3 लाख 70 हजार रुपये ले गया।

अनिल कुशवाहा ने चोरी किए गए रुपये, DVR और कैमरा अपने घर में ड्रम के अंदर छुपाकर रखा था। उसके पिता गणेशराम कुशवाहा ने भी इसमें सहयोग किया, इसलिए उन्हें सह आरोपी बनाया गया है। आरोपी की निशानदेही पर 3 लाख 60 हजार रुपये, कैमरा और DVR बरामद किया गया। घटना के समय पहने कपड़े भी वीडियो फुटेज के अनुसार जप्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता ने इस त्वरित सफलता के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

चोरी की घटना में आरोपियों को पकड़ने में टीआई राजीव उईके, उनि. संदीप पवार, सउनि गणेश चौरसे, आरक्षक मो. शम्स सोहराब, आर अजय राणा, दीपक विश्वकर्मा, भरत दांगी, राजेन्द्र साहू, सुरभी और सुरक्षा समिति राजा कुशवाहा की विशेष भूमिका रही।

विवरण: एसडीओपी सोनाली गुप्ता