नफीस खान सीहोर
भैरूंदा। नगर की देशी शराब दुकान गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस समय रणभूमि में बदल गई, जब पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के चार युवकों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खून-खराबे में बदल गया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान पहले एक पक्ष के युवक ने अंकेश के सिर पर बियर की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद दूसरे पक्ष से रोहित पर बड़ा पत्थर उठाकर उसके माथे पर जोरदार वार किया गया। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि रोहित मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही भैरूंदा थाना प्रभारी घनश्याम दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में रोहित की हालत अधिक नाजुक होने पर उसे भोपाल स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। अंकेश का भी इलाज चल रहा है।
घटना में नितेश और संतोष के शामिल होने की बात सामने आई है, जबकि रोहित और अंकेश गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रोहित के सिर पर पत्थर से गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी भेरूंदा
थाना प्रभारी घनश्याम दांगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है फ़िलहाल दोनों पक्षों पर मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल दोनों घायलों का इलाज पुलिस निगरानी में कराया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Continue With Google
Comments (0)