बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में चाकू लेकर घूम रहा युवक को सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ा 

सागर / बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सुरक्षा कर्मियों ने चाकू लिए एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। चौकी में पदस्थ आरक्षक के साथ सुरक्षा कर्मियों ने युवक को रोककर तलाशी ली, इस दौरान उसकी जेब से बटनदार चाकू बरामद हुआ।
युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान गजेंद्र लोधी, निवासी भोपाल के रूप में हुई है। सुरक्षा कर्मियों ने उसे गोपालगंज पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उससे पूछताछ जारी है। युवक ने प्रारंभिक पूछताछ में कॉलेज में भर्ती किसी परिचित को देखने आने की बात कही है, लेकिन वह चाकू क्यों लेकर आया था, इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

गौरतलब है कि 18 जनवरी को बीएमसी परिसर में दो युवकों ने गार्ड पर चाकू से हमला किया था, जिसके बाद से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।