पति ने बनाया ‘लुटेरी दुल्हन’, पत्नी पहुंची एसपी दरबार,बद नामी और प्रताड़ना के पति पर लगाए गंभीर आरोप
सागर / जिले के ग्राम मूड़रा जरुआखेड़ा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति पर ‘लुटेरी दुल्हन’ कहकर सोशल मीडिया पर बदनाम करने और मानसिक प्रताड़ना देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फरियादी महिला उर्मिला कुशवाहा ने बताया कि गांव मूड़रा जरुआखेड़ा निवासी खुशीराम कुशवाहा ही उनके घर बार-बार शादी का रिश्ता लेकर आए थे। शुरुआत में विवाह के लिए मना करने के बावजूद आरोपी ने उनके जीजा को लगातार फोन कर दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि खुशीराम ने उनसे बात कर यह भरोसा दिलाया कि वह उन्हें “रानी बनाकर रखेगा”, जिसके बाद परिजनों की सहमति से शादी हुई।
उर्मिला के अनुसार, शादी के दो माह भी पूरे नहीं हुए थे कि पति ने उनके साथ अच्छा व्यवहार करना बंद कर दिया और एक रात करीब 12 बजे उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत की और न्यायालय केस लगाया । महिला का आरोप है कि इसी का बदला लेने के लिए पति अब सोशल मीडिया पर उन्हें ‘लुटेरी दुल्हन’ बताकर वीडियो वायरल कर रहा है, जिससे उनकी सामाजिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
उर्मिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस द्वारा शिकायत की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।

Continue With Google
Comments (0)