दमोह में 12 फीट का विशाल मगरमच्छ कंसा घाट पर दिखा, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
दमोह जिले के सागौनी वन परिक्षेत्र के नोहटा इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गौरैया नदी के कंसा घाट पर करीब 12 फीट लंबा विशाल मगरमच्छ पानी से निकलकर घाट पर आ बैठा। सुबह-सुबह नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने इस मंजर को देखकर हड़कंप मचा दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डीएफओ ईश्वर जरांडे के निर्देशन में वन विभाग की रेस्क्यू टीम, जिसमें रेंजर अखिलेश चौरसिया और डिप्टी रेंजर रशीद कुरेशी शामिल थे, मौके पर पहुंची। पूरी टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सियों से काबू में कर सुरक्षित पिंजरे में कैद किया।
रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को फॉरेस्ट क्वार्टर लाया गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद उसे भोपाल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी की जा रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल जरूर रहा, लेकिन वन विभाग की तत्परता से एक बड़ा खतरा टल गया।
इस घटना की तस्वीरें कैमरे में कैद की गईं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। डीएफओ ईश्वर जरांडे ने बताया, "मगरमच्छ का रेस्क्यू किया गया है। वह घायल अवस्था में है, जिसे हम डॉक्टर से दिखवा रहे हैं। स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत उसे वन बिहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल में छोड़ा जाएगा।"
बाईट: ईश्वर जरांडे (डीएफओ दमोह)

Continue With Google
Comments (0)