दमोह में गोलीकांड: महर्षि स्कूल के प्यून की हत्या से सनसनी
दमोह देहात थाना क्षेत्र के जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत हथना गांव में महर्षि स्कूल के प्यून की बुधवार रात अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय चंदू रैकवार के रूप में हुई है। चंदू के पिता मलखान रैकवार ने बताया कि उनका बेटा दोपहर में स्कूल से घर आया था और शाम को घर से निकला, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। जब दूसरे बेटे ने फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। खोजबीन के दौरान गांव में कुछ ही दूरी पर चंदू मृत अवस्था में मिला।
मलखान रैकवार ने कहा कि उनके दूसरे बेटे का कुछ दिन पहले जमुनिया गांव में विवाद हुआ था, परंतु वह यह नहीं कह सकते कि हत्या किसने की है।
एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने बताया कि एफएसएल की टीम को बुलाया गया है और साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है। घटना का कारण पता लगाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
दमोह जिले में होली के दिन दो हत्याओं से सनसनी फैल गई है। बुधवार सुबह तेजगढ़ थाना क्षेत्र के खारी गांव के जंगल में भी एक युवक की पत्थर पटक कर हत्या की गई थी। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश कर रही है।
बाइट: मलखान रैकवार (मृतक के पिता)
बाइट: श्रुत कीर्ति सोमवंशी (एसपी दमोह)
दमोह में बढ़ती हत्याओं की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन को जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़कर घटना के कारणों का खुलासा करना होगा।

Continue With Google
Comments (0)