दमोह पुलिस के द्वारा शहर के सभी स्कूलों में हौसला पेटी लगवाई जा रही है। ताकि बच्चे अपनी समस्या लिखकर पेटी में डाल सकेंगे और पुलिस इन समस्याओं का निराकरण करेगी। दमोह एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी के द्वारा इस मुहिम की शुरुआत की गई है। शुक्रवार दोपहर शहर के सेंट जॉन्स स्कूल में यह हौसला पेटी लगवाई गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर के पोस्टर भी स्कूलों में चिपकवाए जा रहे हैं। बच्चों की सुरक्षा, समस्याओं के समाधान और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से यह नई पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत शहर के प्रत्येक स्कूल में हौसला पेटी स्थापित की गई है।
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया इस व्यवस्था के माध्यम से यदि किसी बच्चे को किसी प्रकार की परेशानी, डर, उत्पीड़न या अन्य कोई भी समस्या है तो वह अपनी शिकायत लिखकर हौसला पेटी में डाल सकता है। शिकायतकर्ता का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा, जिससे बच्चे बिना किसी भय के अपनी बात साझा कर सकें। प्रतिदिन एक पुलिसकर्मी सभी स्कूलों में लगी हौसला पेटी को खोलकर उन शिकायतों को अधिकारी के पास लेकर जाएगा। पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर इन पेटियों की जांच कर शिकायतों का संज्ञान लिया जाएगा और आवश्यकतानुसार तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सुरक्षा की भावना विकसित करना, उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना तथा विद्यालयों को अधिक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने सभी स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इस पहल को सफल बनाने में सहयोग करें और बच्चों को अपनी समस्याएँ निडर होकर साझा करने के लिए प्रेरित करें।
Continue With Google
Comments (0)