दमोह में दर्दनाक सड़क हादसा: दो चचेरे भाइयों की मौत
दमोह: दमोह देहात थाना क्षेत्र के परसोरिया गांव के पास गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। बाइक पर सवार इन दोनों युवकों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान प्रबल श्रीवास्तव (17) और जय श्रीवास्तव (18) के रूप में हुई है। दोनों दमोह के पथरिया वार्ड 8 के निवासी थे। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है और परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों को सौंपा जाएगा।
प्रबल के भाई प्रखर ने जानकारी दी कि प्रबल ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा दी थी और कॉलेज जाने की तैयारी कर रहा था। गुरुवार शाम को वह अपने बड़े पिता संदीप श्रीवास्तव के यहां गैस सिलेंडर लेकर आए थे। रात करीब 11 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली।
मृतकों के मामा आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों भांजे रात करीब 11 बजे परसोरिया के पास हादसे का शिकार हो गए। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि अज्ञात वाहन और उसके चालक का जल्द पता लगाया जाए।
प्रबल के परिवार में उसके अलावा एक भाई प्रखर है, जबकि जय के दो भाई और दो बहनें हैं। जय कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था, और उसके पिता एक रेस्टोरेंट में काम करते हैं। वहीं, प्रबल के पिता एसीसी सीमेंट में कार्यरत हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Continue With Google
Comments (0)