दमोह जिले में नाबालिग छात्रा ने छेड़छाड़ से दुखी होकर कीटनाशक का सेवन किया

दमोह: दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा ने छेड़छाड़ से आहत होकर शुक्रवार शाम को कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसे तत्काल हटा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। छात्रा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

सूत्रों के अनुसार, छात्रा दसवीं कक्षा में पढ़ती है और उसके परिजनों ने बताया कि उसी की कक्षा का एक छात्र उसे लगातार परेशान कर रहा था। छात्रा ने शिक्षक से भी इसकी शिकायत की थी, जिसके बाद शिक्षक ने उस छात्र को फटकार लगाई थी। बावजूद इसके, आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

शुक्रवार को जब छात्रा परीक्षा देकर लौट रही थी, तब आरोपी ने फिर से उसके साथ छेड़छाड़ की और धमकी दी कि वह उसे बदनाम कर देगा। इस घटना से आहत होकर छात्रा ने घर आकर कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिजनों की मांग: छात्रा के परिजनों ने आरोपी छात्र पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी और सीधे अस्पताल पहुंचे।

हटा तहसीलदार आलोक जैन ने बताया कि उन्होंने छात्रा के बयान दर्ज किए हैं, जिसमें परिजनों ने छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को भी इस मामले की जानकारी दी जा रही है।

इस घटना ने समाज में नाबालिगों की सुरक्षा एवं मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है।