मवई गांव में दर्दनाक हादसा, बैल के हमले में 18 वर्षीय युवती की मौत

 रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। ग्राम मवई में घर में बंधे बैल के हमले में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन युवती को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान ग्राम मवई निवासी बैनी प्रसाद लोधी की 18 वर्षीय पुत्री साधना लोधी के रूप में हुई है।
बताया गया है कि गुरुवार रात घर में बंधे बैल ने युवती पर हमला कर दिया। युवती की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल सिलवानी ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हरिओम चौबे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की।
फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।