आलोट। बरखेड़ा कला थाना क्षेत्र के ग्राम रजला में खेत विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट, पथराव और आगजनी तक की नौबत आ गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पहले पक्ष की ओर से गिरजानंदन ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका भाई कन्हैयालाल खेत पर मौजूद था, तभी कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और खेत को अपना बताते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी और लोहे के पाइप से हमला किया, जिससे कन्हैयालाल घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों पर भी पत्थर फेंके गए तथा खेत में खड़ी सोयाबीन की फसल ट्रैक्टर से खराब कर दी गई। फरियादी ने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से कमला बाई ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विवादित जमीन उनकी है। शिकायत में कहा गया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा ट्रैक्टर में आग लगा दी, जिससे ट्रैक्टर का टायर और इंजन जल गया। घटना में कई लोगों को चोटें आने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद बरखेड़ा कला थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई हरि सिंह वडेरा द्वारा की जा रही है।