दीवारें खोदकर चोरी करने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश, 16 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद
रिपोर्टर मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर। आलीराजपुर कोतवाली पुलिस ने जिले में दीवार खोदकर नकबजनी की सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाली एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन मुख्य आरोपियों सहित चोरी का माल खरीदने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 16 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जबकि गैंग के दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र में बड़ाउण्डवा, उण्डवा, खरखड़ी, कवठू और पुलिस लाइन बोरखड़ सहित विभिन्न स्थानों पर घरों की दीवारें खोदकर नकदी और जेवर चोरी होने की शिकायतें दर्ज हुई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल एवं एसडीओपी डॉ. शक्तिसिंह चौहान के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जितेंद्र चौहान, मोहन चौहान और आयुष चौंगड़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी रमेश और एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों पर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।
पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले दिव्यांशु सोनार, लक्की चौहान और प्रेम उर्फ अमीष गोराना को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के जेवर बरामद किए। जब्त किए गए सामान में सोने की अंगूठी, चैन, टॉप्स, झुमकी, मंगलसूत्र, मोती सहित चांदी की तागली, कंदोरे, पायजेब, कड़े, चूड़ियां, हार और अन्य आभूषण शामिल हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपियों के खिलाफ पहले से हत्या, चोरी, नकबजनी, लूट और मारपीट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। फरार आरोपी रमेश और उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है तथा उनसे चोरी का शेष माल बरामद किया जाना बाकी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुनील रांदे, उप निरीक्षक कन्हैयालाल, सहायक उप निरीक्षक अरुण राठौर, रामकुमार यादव तथा कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)