आलोट। गुंडा तत्वों और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आलोट पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन कर दोबारा अपराध करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई कराई। एसडीओपी श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के बाद आरोपी पर ₹10 हजार का जुर्माना लगाया गया।

ग्राम शीशाखेड़ी निवासी प्रभुलाल पिता पीरूलाल सूर्यवंशी (52) के खिलाफ थाना आलोट में पूर्व से विभिन्न धाराओं में कई अपराध पंजीबद्ध हैं। वर्ष 2023 से गुंडा होने के चलते पुलिस ने उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी। इसके बाद न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत उसे 20 जनवरी 2026 से 20 जनवरी 2027 तक एक वर्ष के लिए ₹10 हजार के बाउंड ओवर किया गया था।

बाउंड ओवर अवधि के दौरान आरोपी द्वारा पुनः अपराध किए जाने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की। 15 जून 2026 को उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज होने के बाद बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन पर 22 जून को इस्तगासा तैयार कर एसडीएम राजस्व अनुभाग आलोट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

प्रकरण में पुलिस द्वारा समय-समय पर नोटिस की तामील कराई गई। इसके बाद 18 सितंबर 2026 को एसडीएम न्यायालय द्वारा बाउंड ओवर का उल्लंघन करने पर आरोपी से ₹10 हजार का जुर्माना वसूल किया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ-साथ बाउंड ओवर की शर्तों की निगरानी किए जाने से ऐसे तत्वों पर कानून का शिकंजा मजबूत होता नजर आ रहा है।

सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश पाटीदार, उनि प्रमोद राठौर, प्रआर. 20 राहुल राठौर, आरक्षक 260 सुरेंद्र सिंह एवं आरक्षक 710 लोकेन्द्र का योगदान रहा।