इंदौर। शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इंदौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 6 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपए से अधिक कीमत की 26 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें कई लोकप्रिय मॉडल और 8 रॉयल एनफील्ड बुलेट भी शामिल हैं।

 

पहले मामले में थाना बाणगंगा पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शहर और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें सुनसान जगहों, खंडहरों और खाली इमारतों में छिपा देते थे, फिर खरीदार मिलने पर बेच देते थे। जांच में सामने आया कि आरोपी वाहनों के नंबर बदलकर और इंजन-चेसिस नंबर मिटाकर उनका उपयोग करते थे।

 

पुलिस ने आरोपियों पंकज लोधी, शिवेन्द्र लोधी और ब्रजेन्द्र लोधी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इन वाहनों का संबंध बाणगंगा, लसूडिया, विजयनगर सहित भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में दर्ज 8 एफआईआर से भी जुड़ा पाया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी नरेन्द्र उर्फ नीलू लोधी अभी फरार बताया जा रहा है।

 

वहीं, दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच इंदौर और थाना विजयनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मेघदूत गार्डन क्षेत्र से तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा, जो चोरी की बाइक औने-पौने दामों में बेचने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपियों ने विजयनगर, परदेशीपुरा, कनाडिया, सावेर और देवास नाका क्षेत्रों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

 

पुलिस ने आरोपियों मोहित वर्मा, विशेष कोरी और निशांत सुनहरे के कब्जे से 09 चोरी की दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। बरामद वाहनों में पैशन प्रो, स्प्लेंडर, होंडा शाइन, सुजुकी और एचएफ डीलक्स जैसे मॉडल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में BNS की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में वाहन चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है