🚨 ड्राय डे पर शराब दुकान के सामने खुलेआम शराब बिक्री का आरोप, पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा
गांधी जयंती पर दुकानें बंद, फिर भी बरगी नगर में शराब बिक्री का मामला सामने आया
बरगी नगर। गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में ड्राय डे के तहत शराब दुकानों के बंद रहने के बीच बरगी नगर में शराब की कथित अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। आरोप है कि बरगी नगर शराब दुकान के सामने ही शराब बेची जा रही थी।
बताया जा रहा है कि भीम आर्मी जिलाध्यक्ष संजू लाल ने मौके पर पहुंचकर कथित तौर पर शराब बिक्री करते हुए दो युवकों को पकड़ा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों के साथ शराब को बरगी नगर पुलिस चौकी ले गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरगी नगर चौकी क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में गांधी जयंती जैसे ड्राय डे पर शराब बिक्री का मामला सामने आना पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब शराब दुकानों को बंद रखने के निर्देश होते हैं, तो दुकान के सामने शराब आखिर किसकी अनुमति या संरक्षण में बिक रही थी? पुलिस द्वारा पकड़ी गई शराब और दोनों युवकों के संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
ड्राय डे पर शराब बिक्री के इस मामले ने बरगी नगर में एक बार फिर अवैध शराब कारोबार को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।
Continue With Google