माताबसैया में अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई बाइक, डायल-112 के जवानों ने घायल दंपति और बच्चे को पहुंचाया अस्पताल

मुरैना। जिले के माताबसैया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोरपुरा चौराहे के पास एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जहां एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से जा टकराई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपति और उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

पुलिस अधीक्षक मुरैना, श्री धर्मराज मीना (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में सक्रिय डायल-112 सेवा ने सूचना मिलते ही त्वरित सहायता उपलब्ध कराई। दिनांक 22 सितंबर 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल से सूचना प्राप्त होते ही माताबसैया थाना क्षेत्र में तैनात एफआरव्ही (FRV) वाहन को तत्काल मदद के लिए मौके पर रवाना किया गया।

 

डायल-112 के स्टाफ आरक्षक दीपक राजपूत और पायलट सूरज सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर तुरंत मोर्चा संभाला। जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल दंपति और उनके बच्चे को एफआरव्ही वाहन में बैठाया और उन्हें शासकीय जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया। वर्तमान में जिला अस्पताल में घायलों का उपचार किया जा रहा है।