आलोट। मंगलवार दोपहर आलोट-ताल मार्ग पर डेहरी फंटे के आगे मोटरसाइकिल और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। 

हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल सवार विजय पिता कांतिलाल माली (45), निवासी ताल की मौत हो गई, जबकि रितेश पिता संजय पांचाल (32), निवासी ताल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायलों को देखकर एसडीएम ने तत्काल रोका वाहन

हादसे के दौरान आलोट एसडीएम विवेक सोनकर भी इसी मार्ग से गुजर रहे थे। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त लोगों को देखकर उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया। इसके बाद घायलों को अपने वाहन से शासकीय अस्पताल आलोट पहुंचाया। एसडीएम की तत्परता से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका।

डॉक्टर ने विजय को मृत घोषित किया

शासकीय अस्पताल आलोट में डॉ. रोहित चौधरी ने विजय माली की जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा इतना गंभीर था कि विजय के पैर में पंजे के ऊपर गंभीर चोट आई और पैर का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था।

वहीं गंभीर रूप से घायल रितेश पांचाल का आलोट के शासकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल रतलाम रेफर कर दिया।

 

कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का उल्लेख

पुलिस के डीएसआर में दर्ज प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार क्रमांक MP 04 ED 9704 के चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारने से हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है।