मुंगावली। नगर के सबसे प्रसिद्ध और प्राचीन श्री संकट मोचन हनुमान जी मंदिर के ठीक सामने नियमों को ताक पर रखकर कंपोजिट देशी-अंग्रेजी शराब की दुकान खोल दी गई है। इसको लेकर नगर के धार्मिक संगठनों और आम लोगों में भारी आक्रोश है।

नगरवासियों का कहना है कि इस मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों महिलाएं, बुजुर्ग और श्रद्धालु दर्शन और पूजा के लिए आते हैं। मंदिर के सामने शराब की दुकान खुलने और वहां शराबियों का जमावड़ा लगने से महिलाओं को आने-जाने में परेशानी हो रही है और धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान खुलने का विरोध करते हुए उन्होंने एसडीएम मुंगावली के नाम तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा था। ज्ञापन में स्पष्ट मांग की गई थी कि धार्मिक स्थल के 500 मीटर दायरे में शराब दुकान नहीं खोली जा सकती, फिर भी आबकारी विभाग ने दुकान को वहीं संचालित करने की अनुमति दे दी।

लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन जानबूझकर इस मामले में आंखें मूंदे हुए है।

गांव-गांव में निजी वाहनों से सप्लाई का आरोप

आक्रोश सिर्फ मंदिर के सामने दुकान को लेकर ही नहीं है। स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि छतरपुर के शराब ठेकेदार राजेंद्र राय द्वारा मुंगावली बस स्टैंड पर संचालित दुकान से सैकड़ों गांवों में निजी चार पहिया वाहनों से अवैध रूप से शराब भिजवा कर बिकवाई जा रही है।

नियमानुसार कंपोजिट दुकान से सिर्फ दुकान पर ही बिक्री होनी चाहिए, गांव-गांव सप्लाई पूरी तरह अवैध है।

*सागर कांड से भी नहीं लिया सबक*

उल्लेखनीय है कि अभी कुछ दिन पहले ही सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ में जहरीली शराब पीने से 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई, 200 से ज्यादा बीमार हैं। इतनी बड़ी घटना के बाद भी मुंगावली क्षेत्र में इसी तरह गांव-गांव शराब पहुंचाना एक और बड़े हादसे को न्योता देना है।

क्षेत्र की जनता ने सवाल उठाया है कि आखिर ठेकेदार छतरपुर के राजेंद्र राय को किसका राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वह खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी मौन बैठे हैं।

लोगों ने मांग की है कि मंदिर के सामने से शराब दुकान को तत्काल हटाया जाए और गांव-गांव हो रही अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


अशोकनगर प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला का कहना
इस तरह से यदि छतरपुर के ठेकेदार राजेंद्र राय द्वारा अबैध रूप से शराब बेची जा रही है जल्द कार्यवाही होगी।