खकनार में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या मामले का खुलासा: शव को बाइक से बांधकर डैम में फेंका था, 2 नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, शव की तलाश जारी
बुरहानपुर। जिले के खकनार थाना क्षेत्र में 6 सितंबर से लापता युवक मालसिंग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग के चलते आरोपियों ने युवक को खेत के पास बुलाकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया, गला दबाकर उसकी हत्या की और शव को मोटरसाइकिल से बांधकर डैम में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने 2 नाबालिगों सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हालांकि पुलिस को अभी तक मालसिंग का शव बरामद नहीं हुआ है। शव की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
6 सितंबर को घर से निकला था मालसिंग
पुलिस के मुताबिक, ग्राम नागझिरी निवासी मालसिंग 6 सितंबर की शाम करीब 4 बजे घर से मोटरसाइकिल लेकर बिना बताए कहीं चला गया था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद 8 सितंबर को परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा
जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि जगन, प्रताप, लालसिंह और दो नाबालिगों ने मिलकर मालसिंग की हत्या की योजना बनाई थी। आरोपियों ने कथित तौर पर मालसिंग को शाम करीब 6 बजे खेत के पास बने छोटे तालाब के नजदीक बुलाया। मालसिंग मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने एक साथ उस पर डंडों और पत्थरों से हमला किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
मोटरसाइकिल से बांधकर डैम में फेंकने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को उसकी ही मोटरसाइकिल से खेत में लगी ड्रिप की नली से बांधा और पानी में शव ऊपर न आए, इसके लिए उसे डैम में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में सहयोग करने के आरोप में रडतिया को भी गिरफ्तार किया है।
प्रेम प्रसंग को बताया जा रहा हत्या की वजह
पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मालसिंग का मुख्य आरोपी जगन की बहन के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जगन को इसकी जानकारी मिलने के बाद उसने कथित तौर पर दोनों को एक-दूसरे से दूर रहने की समझाइश दी थी।
पुलिस के अनुसार, बाद में जगन को जानकारी मिली कि उसकी बहन मालसिंग के साथ घर से जाने वाली है। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मालसिंग की हत्या की साजिश रची।
खून और बाल मिलने से जांच को मिली दिशा
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने जांच को आगे बढ़ाने में मदद की। जिस पत्थर से मालसिंग के सिर पर हमला किए जाने की बात सामने आई है, उस पर खून और बाल के निशान मिले हैं। इन्हीं साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।
एसडीईआरएफ, फोरेंसिक और ड्रोन से तलाश
मालसिंग के शव की बरामदगी के लिए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। एसडीईआरएफ टीम, फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरों की मदद से आमगांव के जंगल, नांदुरा तालाब, आसपास की खाइयों और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।
अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जगन पिता रिछु भास्कले (30), प्रताप पिता कालू अखाड़े (21), लालसिंह पिता सरदार गोथरे (22), रडतिया पिता गोरेलाल अखाड़े (22) और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच आगे बढ़ने पर आरोपियों की संख्या बढ़ सकती है।
खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस मालसिंग के शव की तलाश और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच पर है।
Continue With Google