- रामाकोना बस स्टैंड पर बेकाबू ट्रक का कहर, तीन ट्रक क्षतिग्रस्त*


पांढुरना जिले के रामाकोना बस स्टैंड से देर रात बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ एक बेकाबू ट्रक ने दो खड़े ट्रकों में टक्कर मार दी। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है।


जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात एक बेकाबू ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहन लगभग 10 से 15 फीट तक घसीटते हुए चले गए।
हादसे में तीनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गनीमत रही कि इस घटना में ड्राइवर बाल-बाल बच गए, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। बताया जा रहा है कि लोगों ने लापरवाह ट्रक ड्राइवर को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी।
इस हादसे के चलते रामाकोना बस स्टैंड पर करीब ढाई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात सुचारू किया गया।