विदिशा जिले के बासौदा देहात थाना क्षेत्र में पुलिस ने आज सुबह अवैध मादक पदार्थ के विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
एसडीओपी कुरवाई सुश्री रोशनी सिंह तथा थाना प्रभारी बासौदा देहात एवं थाना प्रभारी बासौदा शहर के नेतृत्व में 75 पुलिसकर्मियों की टीम द्वारा सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया।
थाना बासौदा देहात के अंतर्गत आने वाले कंजर टपरा, जेल रोड पर अवैध शराब निर्माण और आरोपियों की तलाश के लिए यह अभियान चलाया गया। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
सर्चिंग के दौरान पुलिस को अवैध देशी शराब बनाने की 02 भट्टियां मिली हैं। मौके से करीब 2000 लीटर महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 70 लीटर अवैध देशी मदिरा भी प्लास्टिक के केन और पन्नियों में बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 7 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पूरी कार्रवाई में कुल 5 लाख 7 हजार रुपये की अवैध सामग्री बरामद कर नष्ट की गई है।