शमशाबाद में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, कार से 17 पेटी शराब बरामद

7 लाख की शराब-कार जब्त, आरोपी गिरफ्तार; अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की तलाश

शमशाबाद । अवैध शराब के परिवहन पर शमशाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 17 पेटी देशी मसाला शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर चालक देवेंद्र लवेरिया को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और कार की कुल अनुमानित कीमत 7.02 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब आरोपी से शराब के स्रोत और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, थाना शमशाबाद की टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान ग्राम पीपलधार और भैरोबाग के बीच नहर वाली पुलिया के पास सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 04 CU 6513 को रोककर तलाशी ली गई। कार से 17 पेटी देशी मसाला शराब मिली, जिसमें कुल 850 क्वार्टर और 153 बल्क लीटर शराब थी। बरामद शराब की कीमत करीब 1 लाख 2 हजार रुपए आंकी गई, जबकि कार की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए है।

लाइसेंस नहीं मिला, आबकारी एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने चालक देवेंद्र लवेरिया से शराब के परिवहन के संबंध में वैध लाइसेंस पूछा, लेकिन उसके पास लाइसेंस नहीं होना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने शराब और कार जब्त कर थाना शमशाबाद में अपराध क्रमांक 401/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

शराब कहां से आई, किसे होनी थी सप्लाई?

पुलिस अब आरोपी से शराब के स्रोत, परिवहन और बिक्री के साथ ही इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी और एसडीओपी लटेरी अमरीश बोहरे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी शमशाबाद आशुतोष सिंह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रमन सिंह, आरक्षक दिलीप ठाकुर, दीपक पाल, रामदीन रावत और कपिल यादव की भूमिका रही।