गंजबासौदा। वार्ड नंबर 8, मांशापूर्ण श्री हनुमान मंदिर गली निवासी सैय्यद अफजल हसन ने एसडीएम गंजबासौदा को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में अफजल हसन ने आरोप लगाया है कि 22 सितंबर 2026 को पुश्तैनी संपत्ति के अधिकार को लेकर विवाद में जैनब बानो और राजा उर्फ जलाल हसन ने षड्यंत्रपूर्वक धार्मिक मुद्दा बनाकर उन्हें और उनके दोस्तों को फंसा दिया। आरोप लगाया गया कि उन्होंने गणेश जी की झांकी में शांति भंग की, जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। आवेदक ने कहा कि वह और उनका परिवार सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।

अफजल हसन के अनुसार मामला शांत हो गया था, लेकिन अब फिर उन्हें जैनब बानो और राजा उर्फ जलाल हसन द्वारा धमकाया जा रहा है कि आगे भी किसी बड़े मुद्दे में फंसवा देंगे। पीड़ित का कहना है कि उनका विवाद सिर्फ संपत्ति को लेकर चल रहा है।

उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए, जिससे आगे झूठे आरोपों में वे न फंसे और संपत्ति विवाद में उन्हें और उनके परिवार को उनका हक मिल सके। आवेदन में समीर खान, बसीम खान, आसिफ खान, हरिस खान, कामिल खान, आरिफ खान, सलमान, राजकुमार, बिट्टू के भी हस्ताक्षर हैं।