रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग माफियाओं पर शिकंजा, एमडी ड्रग फैक्ट्री सीज
रतलाम पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग माफियाओं पर शिकंजा कसा है। इस बार जावरा तहसील के राजस्थान के समीप स्थित गांव बोरखेड़ा से एमडी ड्रग बनाने वाली फैक्ट्री को सीज किया गया है। पोल्ट्री फार्म में चल रही इस फैक्ट्री के मास्टरमाइंड और ड्रग की दुनिया में 'डॉक्टर' कहलाने वाले जमशेद लाला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बरामदगी और गिरफ्तारी
एसपी अमित कुमार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दी कि बोरखेड़ा से पकड़ी गई फैक्ट्री से करीब 200 ग्राम तैयार एमडी ड्रग बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा एमडी बनाने के लिए आवश्यक केमिकल जैसे 2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपिओफेनोन 900 ग्राम, 140.48 किलोग्राम एमडीसी केमिकल, और 35.600 किलोग्राम एचसीएल भी बरामद किए गए हैं।
फैक्ट्री से गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, भट्टी, ड्रायर मशीन, छाछ बनाने की मशीन, स्टील की थालियां, मल्टीपल स्विच बोर्ड, प्लास्टिक केन, प्रोसेसिंग उपकरण, और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
विशेष टीम की रणनीति
एसपी कुमार ने बताया कि रतलाम और विशेषकर राजस्थान से जुड़ी सीमा पर पुलिस की सर्चिंग लंबे समय से चल रही थी। सूचना के आधार पर एसपी अमित कुमार के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने इलाके का बाइक और पैदल निरीक्षण किया। केमिकल डिस्चार्ज और गंध जैसे सुरागों के आधार पर पोल्ट्री फार्म पर छापा मारा गया। यहां चार लोग केमिकल्स से ड्रग बनाते हुए पाए गए, जिन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
मुख्य आरोपी और अन्य गिरफ्तारियां
मुख्य आरोपी जमशेद खान उर्फ 'सेठ', जो ड्रग की दुनिया में 'डॉक्टर' के नाम से मशहूर है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा सरकारी चौकीदार युसूफ, पोल्ट्री फार्म के मालिक सलीम उर्फ 'राजू', और रईस खान को भी गिरफ्त में लिया गया है।
विस्तृत जांच और संभावित कड़ियाँ
एसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे ड्रग की खरीदी और सप्लाई करने वाले अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आ सकते हैं। इस कार्रवाई के तार कई राज्यों से जुड़े हो सकते हैं, इसलिए अन्य एजेंसियां भी पूछताछ में शामिल हो सकती हैं।
यह कार्रवाई रतलाम-राजस्थान बॉर्डर पर ड्रग्स के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सराहनीय भूमिका
एसडीओपी संदीप मालवीय, निरीक्षक रमेश कोली थाना प्रभारी पिपलौदा, निरीक्षक अमित कोरी प्रभारी सायबर सेल, निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, उनि राजेश मालवीय, उनि रघुवीर जोशी, उनि कुलदीप डाबी, उप राजू मखोड, उप निरीक्षक इंद्रपाल सिंह राठौर, प्र आर मनमोहन शर्मा, प्र आर हिम्मत सिंह, प्र आर राहुल उपाध्याय, प्र आर महेंद्र धाकड़, आर बालकृष्ण चंदेल, आर विपुल भावसार, आर राधेश्याम चौहान, आर अभय चौहान, आर सोनपाल, आर रवि, आर प्रीतम, आर नारायण सिंह, आर रोहताश जाट, आर मुकेश, आर राजेश पटेल, आर नरेंद्र सिंह, आर विजयपाल सिंह, आर विजेश पाटीदार की रही ।

Continue With Google
Comments (0)