केसली (सागर)- मध्य प्रदेश के सागर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अवैध मदिरा के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है और प्राप्त इनपुट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बनाई, बेची या जमा की जा रही है, तो नागरिक इसकी जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।
सूचना देने के लिए संपर्क नंबर:
अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी देने के लिए पुलिस ने मोबाइल नंबर 7701055235 जारी किया है।
पहचान रखी जाएगी पूरी तरह गोपनीय:
एसपी सागर ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि इस नंबर पर सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर अथवा अन्य कोई भी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। आमजन बिना किसी डर या संकोच के पुलिस को सूचित कर सकते हैं। प्राप्त जानकारी का सत्यापन करने के बाद पुलिस नियमानुसार त्वरित कानूनी कार्रवाई करेगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि अवैध गतिविधियों को देखकर चुप न रहें। आपकी एक सही सूचना समाज में किसी बड़ी अप्रिय घटना को रोकने और अवैध कारोबार पर नकेल कसने में अत्यंत मददगार साबित हो सकती है।
Continue With Google