नफीस खान सीहोर
सीहोर : शहर के गंज क्षेत्र स्थित कोली मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने न सिर्फ इंसानियत बल्कि पारिवारिक रिश्तों की नींव को भी झकझोर कर रख दिया है. यहां एक बेटे ने मामूली विवाद के चलते अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी.
कहासुनी के बीच पिता से मारपीट, चली गई जान
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को गंज निवासी सोनू शाक्य का अपने पिता सुभाष शाक्य से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. पहले तो दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि सोनू ने आपा खो दिया और पिता पर हमला कर दिया. गुस्से में आकर उसने पिता को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक सुभाष गंभीर रूप से घायल हो चुके थे.
डॉक्टर्स ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल सुभाष शाक्य को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर के फैलते ही कोली मोहल्ले में मातम छा गया और हर कोई इस अमानवीय कृत्य से स्तब्ध रह गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तुरंत आरोपी सोनू शाक्य को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा.
आरोपी की मां बोली- 10 साल से परेशान कर रहा बेटा
इस पूरे मामले में मृतक की पत्नी कृष्णा बाई का बयान बेहद मार्मिक रहा. पति की मौत पर बिलखती कृष्णा बाई ने बताया कि उनका बेटा पिछले 10 वर्षों से परिवार को लगातार परेशान कर रहा था. वह अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता था और घर में तनाव का माहौल बनाए रखता था. कृष्णा बाई ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन भी बेटे के देर से घर आने पर पिता ने उसे समझाने की कोशिश की थी, लेकिन इसी बात पर वह भड़क गया और उसने मारपीट कर दी.
कृष्णा बाई ने कहा,'' उसके पापा ने उसे समझाया लेकिन तभी वो भड़क गया और गुस्से अपने ही पिता की जान ले ली.'' इतना कहते-कहते कृष्णा बाई भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं.

Continue With Google
Comments (0)