आलोट। ताल-आलोट मार्ग पर ग्राम जीवनगढ़ के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक भैंस की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से निकलने लगा, लेकिन किसान और उसके भाई ने पीछा कर बस को रुकवा लिया। सूचना पर पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर भैंस को मृत घोषित किया। मामले में आलोट पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पानी पिलाने ले जाते समय पीछे से मारी टक्कर

प्रमीलागंज निवासी सोनू मीणा (41) पिता मन्नालाल मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्राम जीवनगढ़ में ताल-आलोट रोड किनारे उनका खेत है। मंगलवार सुबह करीब 6.15 बजे वह अपने भाई नवीन मीणा के साथ भैंस को खेत की बाउंड्री पर बनी चरही में पानी पिलाने ले जा रहे थे।

इसी दौरान ताल की ओर से आ रही बस क्रमांक MP43 ZD 5323 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए भैंस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भैंस सड़क पर गिर गई और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

चालक बस लेकर भागा, किसान ने पीछा कर रोका

हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से निकलने लगा। सोनू मीणा और उनके भाई नवीन ने बस का पीछा किया और उसे रुकवा लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम फिरोज खां पिता शेरु खां, निवासी ताल बताया।

इसके बाद पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया। चिकित्सक ने जांच के बाद भैंस को मृत घोषित कर दिया। किसान सोनू मीणा ने पुलिस को बताया कि मृत भैंस की कीमत करीब 3 लाख रुपये थी।

BNS की धारा 325 में मामला दर्ज

घटना के बाद सोनू मीणा अपने भाई और बस चालक के साथ आलोट थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने चालक फिरोज खां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत अपराध क्रमांक 0523/2026 दर्ज किया है। मामले की जांच ASI मोहनलाल गुजराती द्वारा की जा रही है।