फर्जी ऑनलाइन पेमेंट कर साड़ी शोरूम से 12,920 रुपये की ठगी

सागर / शहर के तीन बत्ती क्षेत्र स्थित जामा कॉम्प्लेक्स में संचालित सखी सहेली साड़ी शोरूम में ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। शोरूम संचालक आकाश समैया ने बताया कि मंगलवार को शाम करीब 4.05 से 4.40 बजे के बीच एक अज्ञात ग्राहक दुकान पर आया और 12,920 रुपये के कपड़ों की खरीदारी की।

ग्राहक ने भुगतान ऑनलाइन करने की इच्छा जताई और अपने मोबाइल ऐप में पेमेंट सफल होना दिखाया। ऐप में ट्रांजैक्शन सक्सेसफुल दर्शाने के बाद उसने दुकान से कपड़े लेकर चला गया। बाद में जब शोरूम संचालक ने अपना खाता चेक किया तो उक्त राशि खाते में जमा नहीं हुई।

इस तरह फर्जी ऑनलाइन पेमेंट दिखाकर दुकानदार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए अज्ञात ग्राहक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। वही दुकानदार ने दुकान की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं, जिसमें ग्राहक स्पष्ट दिख रहा है, फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है।