VIP सिविल लाइन में चोरों का दुस्साहस! जज-अफसरों के पड़ोस में चंदन के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी

कमिश्नर, कलेक्टर, एसपी और न्यायाधीशों के आवास वाले इलाके में रातभर चलता रहा खेल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

रीवा। जिले के सबसे वीआईपी और हाई-सिक्योरिटी इलाकों में शुमार सिविल लाइन में चोरों ने पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए चंदन के पेड़ों को निशाना बनाया। अपर जिला न्यायाधीश आशीष शुक्ला के बंगले के पास और एफ-3 में एसएन तिवारी के परिसर से चोर रात के अंधेरे में चंदन के पेड़ काटकर ले गए।
बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले अपर जिला न्यायाधीश आशीष शुक्ला के बंगले के बगल वाले परिसर में चंदन के पेड़ों को काटा। इसके बाद एफ-3 स्थित एसएन तिवारी के परिसर में भी चंदन के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला दी गई। लगातार दो स्थानों पर चंदन के पेड़ों की कटाई से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

*जहां बड़े अधिकारी रहते हैं, वहीं चोरों का बेखौफ आतंक*

सिविल लाइन क्षेत्र में कमिश्नर, कलेक्टर, एसपी और न्यायिक अधिकारियों सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों के आवास हैं। ऐसे संवेदनशील और वीआईपी इलाके में चोरों द्वारा रात के समय पेड़ काटकर ले जाना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि *जब इलाके में सुरक्षा और निगरानी का इतना मजबूत इंतजाम होने का दावा किया जाता है, तो चोर रात के अंधेरे में चंदन के पेड़ काटते रहे और सुरक्षा तंत्र को इसकी भनक तक नहीं लगी?*

घटना सामने आने के बाद पुलिस के सामने अब चोरों की पहचान और गिरफ्तारी की चुनौती है। साथ ही सिविल लाइन में रात के समय होने वाली गश्त और निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।
वीआईपी इलाके में चंदन के पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी ने सुरक्षा व्यवस्था की मुस्तैदी पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस चंदन तस्करी के इस मामले में आरोपियों तक कब पहुंचती है।