बैतूल: शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर ने बुधवार को गंज क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थलों पर ठेकेदारों में हड़कंप मच गया। नपा अध्यक्ष ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में कार्य की गति धीमी नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार समय पर पूरे किए जाएं।

  • गंज मंडी निर्माण कार्य पर विशेष जोर: नपा अध्यक्ष ने सबसे पहले गंज मंडी के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को आधार तल की दुकानों का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। ठेकेदार ने जानकारी दी कि टाइल्स और रोलिंग शटर के ऑर्डर दे दिए गए हैं, जो 10 से 15 दिनों में उपलब्ध हो जाएंगे। इससे नीचे स्थित दुकानदारों को शीघ्र दुकानों का आवंटन किया जा सकेगा।
  • स्वीकृत ड्राइंग अनुसार काम पूरा करने के निर्देश: निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने ठेकेदार को निर्देशित किया कि शेष लेआउट का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कर समय-सीमा में पूरा किया जाए। वर्तमान में ग्राउंड फ्लोर की दुकानों का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
  • सीसी रोड का निरीक्षण: गंज क्षेत्र में कल्पना स्टोर्स के सामने बन रही सीसी रोड का भी निरीक्षण किया गया। एक साइड का कार्य पूरा हो चुका है और यातायात प्रारंभ कर दिया गया है। दूसरी ओर की सड़क का निर्माण कार्य भी ठेकेदार द्वारा शुरू कर दिया गया है। नपा अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
  • कोठी बाजार की नाली निर्माण पर भी नजर: कोठी बाजार में निर्माणाधीन नाली का निरीक्षण करते हुए नपा अध्यक्ष ने ठेकेदार को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और नाली निर्माण कार्य शीघ्रता से गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

निरीक्षण में अधिकारी रहे मौजूद: निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के उपयंत्री नागेंद्र वागद्रे, राजस्व शाखा से अखिल राय तथा संबंधित ठेकेदारों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नपा अध्यक्ष ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि नगर के विकास कार्य तय समय में पूरे हो सकें।