महिला स्वसहायता समूहों के लिए शहडोल में सफल प्रशिक्षण कार्यक्रम

दिनांक 16 फरवरी 2026 को नगरपालिका परिषद शहडोल के सभागार में शहरी आजीविका मिशन द्वारा संचालित महिला स्वसहायता समूहों का क्षमता संवर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता पूर्वक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में समूह की बड़ी संख्या में महिलाएँ उपस्थित रहीं और उन्होंने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

यह प्रशिक्षण माँ बिरसिनी धाम बहना संस्था के मास्टर ट्रेनर प्रकाश सिंह और मनीष नामदेव द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उत्पाद निर्माण, ब्रांडिंग, क्वालिटी मैनेजमेंट, लीगल डॉक्यूमेंटेशन, मार्केटिंग स्ट्रेटजी और मार्केट सेल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की खासियत यह रही कि केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं बल्कि लाइव डेमो के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

  • छोटे स्तर से व्यवसाय की शुरुआत कैसे करें
  • उत्पाद को बाजार योग्य कैसे बनाएं
  • गुणवत्ता के माध्यम से ग्राहकों का विश्वास कैसे जीतें
  • छोटे प्रयास को बड़े व्यवसाय में कैसे परिवर्तित करें

ट्रेनरों ने कहा कि "जब महिलाएँ आर्थिक रूप से सशक्त होती हैं, तब पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है।" सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा जब बहनों ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर नवागत मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती आशा भंडारी के सानिध्य में आजीविका मिशन का नया प्रेरणादायी गीत, जिसे MBBS Bahna द्वारा डिजिटल रूप से तैयार किया गया है, का विधिवत मार्केट रिलीज भी किया गया। इस गीत ने कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया।

कार्यक्रम में सिटी मैनेजर सत्यकाम मिश्रा, श्रीमती प्रतीक्षा शुक्ला (सहायक परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण), अमरदेव कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर श्री अमरेश सिंह, और अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

यह आयोजन केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहडोल की बहनों के सपनों को उड़ान देने वाला एक सशक्त मंच सिद्ध हुआ। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में यह कदम न केवल आर्थिक मजबूती देगा, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी नई ऊंचाइयों तक पहुँचाएगा।

अब बहनें केवल घर तक सीमित नहीं, बल्कि बाजार और ब्रांड की पहचान बनेंगी।