पिपरई/अशोकनगर | आम आदमी की समस्या का समाधान अब दफ्तरों के चक्कर से नहीं, शिविर में ही हो रहा है। शुक्रवार को नगर परिषद पिपरई में लगे मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में यही नजारा देखने को मिला। सुबह से ही लोग अपनी शिकायतें और आवेदन लेकर पहुंचे। कुल 325 आवेदन आए, जिनमें से 112 का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया। बाकी आवेदनों को समय-सीमा तय कर संबंधित विभागों को सौंपा गया।

शिविर में कलेक्टर साकेत मालवीय ने कहा कि 7 अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक हर शुक्रवार को चलेगा। इन शिविरों में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अटके आवेदनों का निपटारा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस सप्ताह सीएम हेल्पलाइन में मुंगावली विकासखंड प्रदेश में चौथे स्थान पर रहा, जबकि लोक सेवा गारंटी में मुंगावली ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। यह जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की मेहनत का नतीजा है।

कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में उद्यम संवाद को भी जोड़ा गया है। पात्र लोगों को ऋण देकर अपना उद्यम लगाने में मदद की जा रही है, ताकि वे स्वरोजगार से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें। साथ ही स्वामित्व योजना के तहत मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर रहने वालों को मालिकाना हक दिया जा रहा है।

मंच से ही मिला लाभ

शिविर में कई योजनाओं के हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ दिया गया। शांति स्व सहायता समूह को 9 लाख रुपये के ऋण का चेक, कल्याण सिंह को प्रधानमंत्री सृजन योजना के तहत 6 लाख रुपये का ऋण, संबल योजना में पात्र लोगों को 2-2 लाख रुपये के चेक दिए गए।

इसके अलावा फौती नामांतरण प्रमाण पत्र, अनुग्रह सहायता, प्रधानमंत्री स्वनिधि के स्वीकृति आदेश, लाड़ली लक्ष्मी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री प्रसूति सहायता, आयुष्मान कार्ड, उद्यमियों को ऋण स्वीकृति पत्र, कृषि यंत्र स्वीकृति पत्र और खाद्यान्न पर्ची भी वितरित की गई।

उद्यमियों ने सुनाई सफलता की कहानी

शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की योजनाओं से लाभ लेकर सफल हुए उद्यमियों से संवाद भी हुआ। उद्यमियों ने बताया कि कैसे सरकारी मदद से उन्होंने अपना काम शुरू किया और अब दूसरों को रोजगार दे रहे हैं।

बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ

कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास चंद्रसेना भिड़े ने मौजूद लोगों को बाल विवाह न करने और न होने देने की शपथ दिलाई।

शिविर में जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन, नगर परिषद पिपरई अध्यक्ष विशन बाई अहिरवार, सांसद प्रतिनिधि लाखन की कटारिया, रंजीत सिंह धाकरे, महेंद्र सिंह यादव, राहुल यादव, एसडीएम बृजविहारीलाल श्रीवास्तव, एसडीओपी ओमप्रकाश मिश्रा, जनपद सीईओ आलोक इटोरिया, तहसीलदार रोहित रघुवंशी, सीएमओ संतोष सोनी सहित जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।