आमला।सरकार आम नागरिकों को समय पर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक सेवा केंद्र संचालित कर रही है, लेकिन आमला के लोक सेवा केंद्र में व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि केंद्र में कार्यरत ऑपरेटर शासकीय समय समाप्त होने से पहले ही अपना कार्य बंद कर देते हैं, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लोक सेवा केंद्र का निर्धारित समय शाम 5 बजे तक है, लेकिन दोपहर 4 बजे के आसपास ही ऑपरेटर सिस्टम बंद कर कुर्सी छोड़ देते हैं। इससे सुबह से लाइन में लगे कई आवेदकों का नंबर नहीं आ पाता और उन्हें अगले दिन फिर आने के लिए कहा जाता है।
*सुबह से लाइन में लगने के बाद भी नहीं हो रहा काम*
पीड़ितों का कहना है कि जाति, आय, मूल निवासी और स्थायी निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज बनवाने के लिए लोग सुबह 9 बजे से लाइन में लग जाते हैं। इसके बावजूद कई लोगों का आवेदन नहीं हो पाता। वहीं दोपहर 3:30 बजे के बाद आने वाले आवेदकों को सीधे यह कहकर लौटा दिया जाता है कि "सर्वर बंद हो गया है, कल आना।"
*आवेदक ने सुनाई आपबीती*
आवेदक रोहित मालवीय ने बताया कि वह शाम करीब पौने चार बजे आय एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र बनवाने लोक सेवा केंद्र पहुंचे थे। लेकिन कुछ ही देर बाद ऑपरेटर अपनी सीट छोड़कर चले गए। जब वह वापस आए तो उन्होंने कहा कि अब समय हो गया है, कल आना। रोहित का कहना है कि दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को किराया और समय दोनों का नुकसान उठाना पड़ता है।
*दलालों को मिल रहा बढ़ावा*
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि समय से पहले काम बंद होने के कारण आम लोग परेशान हो रहे हैं और कई मामलों में उन्हें एजेंटों एवं दलालों का सहारा लेना पड़ता है। इससे पारदर्शी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
*जनता की मांग*
नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लोक सेवा केंद्र के संचालन की जांच कराई जाए, समय से पहले कार्य बंद करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए तथा केंद्र के बाहर खुलने और बंद होने का निर्धारित समय स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
Continue With Google
Comments (0)