आमला । आमला के लोकप्रिय, संवेदनशील एवं जनहितैषी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) शैलेन्द्र बड़ोनिया के हरदा स्थानांतरण पर शनिवार को नगर के भवानी लॉन में भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मान, आत्मीयता और भावुकता का ऐसा माहौल देखने को मिला कि कई लोगों की आंखें भी नम हो गईं। प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शाल, श्रीफल, पुष्पमालाएं एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासन को जनसरोकारों से जोड़ते हुए आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान किया। उन्होंने सदैव कानून का पालन करते हुए मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी। यही कारण रहा कि वे प्रशासनिक अधिकारी होने के साथ-साथ आम लोगों के बीच एक सहज, सरल और भरोसेमंद व्यक्तित्व के रूप में स्थापित हुए।
कार्यक्रम में तहसीलदार श्रीमती ऋचा कौरव, पुलिस विभाग, जनपद पंचायत, नगर पालिका परिषद, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, पटवारी संघ, अधिवक्ता संघ, पत्रकार संघ, कोटवार संघ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें सम्मानित किया। सभी ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, राजस्व मामलों और जनसुनवाई में उल्लेखनीय कार्य किए तथा हर व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुनकर समाधान का प्रयास किया।
*गौशाला पहुंचकर लिया गौ माता का आशीर्वाद*
विदाई समारोह से पूर्व श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया नगर की गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना की तथा हरी घास खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गौशाला सेवा समिति के सदस्यों ने उनका शाल, पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया और हरदा में सफल एवं उज्ज्वल प्रशासनिक कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
*सम्मान और आत्मीयता से भर उठा भवानी लॉन*
भवानी लॉन में आयोजित समारोह के दौरान एक-एक कर विभिन्न संगठनों एवं विभागों ने मंच पर पहुंचकर श्री बड़ोनिया का सम्मान किया। लोगों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और कहा कि आमला को एक कर्मठ, ईमानदार एवं संवेदनशील अधिकारी मिला था, जिसकी कार्यशैली लंबे समय तक याद रखी जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके सहज व्यवहार, विनम्र स्वभाव और आमजन के प्रति समर्पण की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों के लिए स्नेहभोज की व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन में आत्मीयता, सम्मान और अपनत्व का वातावरण बना रहा। विदाई के इस भावुक अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया को हरदा में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रशासनिक सफलता की कामना की। आमलावासियों ने विश्वास जताया कि जिस समर्पण और ईमानदारी से उन्होंने आमला की सेवा की, उसी प्रकार वे नई पदस्थापना पर भी अपनी कार्यकुशलता की अमिट छाप छोड़ेंगे।
Continue With Google
Comments (0)