महंगाई और बेरोज़गारी पर बजट मौन, 2047 के सपनों में उलझी सरकार — कमलेश्वर पटेल

STATE NEWS AI | SURAJ KUMAR

भोपाल। केंद्र सरकार द्वारा पेश आम बजट को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलेश्वर पटेल ने बजट को आम जनता की ज़मीनी समस्याओं से कटा हुआ बताते हुए कहा कि यह राहत देने वाला नहीं, बल्कि केवल प्रचार का दस्तावेज़ है।

पटेल ने कहा कि देश वर्ष 2026 में खड़ा है, लेकिन सरकार महंगाई, बेरोज़गारी और बढ़ती जीवन-लागत जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बात करने के बजाय 2047 के सपने दिखा रही है। बजट में इन समस्याओं पर कोई ठोस समाधान नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसान खाद, बिजली और खेती की बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं, लेकिन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूती देने के लिए बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। वहीं शिक्षित युवाओं में बेरोज़गारी बढ़ रही है और छोटे व्यापारी राहत की उम्मीद लगाए बैठे थे, जो पूरी नहीं हो सकी।

पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश ने भाजपा को 29 की 29 सीटें दीं, इसके बावजूद राज्य को बजट में कुछ भी विशेष नहीं मिला। विंध्य, बुंदेलखंड, महाकौशल और मालवा—किसी क्षेत्र के लिए कोई ठोस घोषणा नहीं की गई।

कमलेश्वर पटेल ने जीएसटी भुगतान में देरी और राज्यों के अधिकारों में कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केवल इंफ्रास्ट्रक्चर और मेट्रो कॉरिडोर की बातें करने से जनता का भला नहीं होगा, जब तक महंगाई पर नियंत्रण और स्थायी रोज़गार के अवसर नहीं बढ़ाए जाते।