*यात्री बसों के विरुद्ध संयुक्त चेकिंग अभियान, 72 बसों की जांच*

*33 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई, 2.68 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया*

*धार, 13 सितंबर 2026।* परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर धार के निर्देशानुसार अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार एवं जिला परिवहन अधिकारी झाबुआ द्वारा संयुक्त रूप से यात्री बसों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 13 सितंबर 2026 एवं विगत दिनों में धार जिले के जैतपुरा, दसई, राजगढ़ एवं सरदारपुर क्षेत्र में यात्री बसों की जांच की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार श्री हृदेश यादव, जिला परिवहन अधिकारी झाबुआ श्रीमती कृतिका मोहता, परिवहन उप निरीक्षक कुमारी दिव्या पाटीदार, सहायक वर्ग-2 श्री मधुकर सिसोदिया एवं उनकी टीम द्वारा कुल 72 यात्री बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बसों की फिटनेस, बीमा, परमिट, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी, अग्निशमन यंत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
जांच के दौरान 33 वाहन नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान कुल 2 लाख 68 हजार 500 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।
जांच के दौरान 3 यात्री बसों को जब्त कर अमझेरा एवं सरदारपुर थाने में निराकरण की प्रत्याशा में रखा गया है। जब्त वाहनों में 2 यात्री बस बिना परमिट संचालित होती पाई गईं, जबकि 1 यात्री बस का पंजीयन निरस्त होने के बावजूद उसका संचालन किया जा रहा था। उक्त बस को सरदारपुर थाने में जब्त कर रखा गया है।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धार द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर वाहनों की निरंतर जांच की जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी एवं अन्य कार्यवाही की जाती है।
परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यात्री बसों सहित अन्य वाहनों की जांच का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही यात्री सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करना है।