डबरा। भीषण गर्मी के बीच चांदपुर स्थित गौशाला में गौवंशों के सामने गहराते पेयजल संकट को लेकर अब समाजसेवी आगे आने लगे हैं। नगर पालिका की सुस्ती और लापरवाही के चलते गौशाला में पर्याप्त पानी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिससे वहां मौजूद गौवंशों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी गंभीर समस्या को देखते हुए समाजसेवी भूरा रावत कंचनपुर ने क्षेत्रीय सांसद को ज्ञापन सौंपकर गौशाला में तत्काल पेयजल व्यवस्था कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि भीषण गर्मी के कारण गौवंश पानी के लिए तरस रहे हैं और यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद भारत सिंह कुशवाह ने तत्काल गौशाला में बोरिंग करवाने का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि गौवंशों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और जल्द ही स्थायी समाधान कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तापमान लगातार बढ़ रहा है, तब गौशाला जैसी आवश्यक जगहों पर पानी की समुचित व्यवस्था पहले से होनी चाहिए थी। समाजसेवियों की पहल के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही गौशाला में पानी की समस्या का समाधान होगा।
Continue With Google