डबरा ब्रेकिंग
डबरा अनुविभाग के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेरखेड़ा में ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के बाद निकली चिंगारियों से गांव में रखे भूसे और कंडों के कूपों में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग फैलने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार एवं आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वयं ग्रामीणों और फायर कर्मचारियों के साथ आग बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य तेज गति से शुरू कराया गया।
ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रही, लेकिन आग की तीव्रता के चलते काफी देर तक हालात नियंत्रण में नहीं आ सके। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि आसपास के क्षेत्रों से भी फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी।
घटना ने डबरा नगर पालिका की बदहाल फायर व्यवस्था की पोल खोल दी है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका डबरा के पास वर्तमान में केवल एक ही फायर ब्रिगेड वाहन चालू हालत में है, जबकि अन्य वाहन खराब पड़े हुए हैं। यदि समय रहते फायर व्यवस्था दुरुस्त होती और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होते, तो आग पर पहले ही काबू पाया जा सकता था।
वहीं इस आगजनी के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। विभाग द्वारा लगातार संधारण कार्य और बिजली कटौती किए जाने के बावजूद ट्रांसफार्मरों में शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों का सवाल है कि जब नियमित मेंटेनेंस किया जा रहा है, तो फिर ऐसी घटनाओं पर रोक क्यों नहीं लग पा रही।
घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन और विद्युत विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने फायर व्यवस्था मजबूत करने और विद्युत विभाग की लापरवाही की जांच की मांग उठाई है।
Continue With Google