डबरा। शहर में बिजली व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। आए दिन विद्युत विभाग द्वारा “संधारण कार्य” के नाम पर घंटों बिजली कटौती की जाती है, लेकिन इसके बावजूद बिजली लाइनों में फॉल्ट, केबल जलने और ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कृषि उपज मंडी के सामने स्थित श्रीराम कॉलोनी से सामने आया है, जहां विभाग की लापरवाही और घटिया सामग्री उपयोग करने के आरोपों ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार कॉलोनी में बीती रात अचानक बिजली केबल में आग लग गई, जिससे क्षेत्र की विद्युत सप्लाई ठप हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने देर रात किसी तरह केबल को अस्थायी रूप से सुधारकर बिजली चालू कर दी। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अगले ही दिन विभाग द्वारा नई केबल डाली गई और वह भी कुछ ही घंटों में तेज धमाके के साथ जलकर चिपक गई।

स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि विभाग द्वारा बेहद खराब गुणवत्ता की केबल लगाई जा रही है, जिसके कारण नई लाइन भी कुछ घंटों तक नहीं टिक पा रही। लोगों का कहना है कि अगर नई केबल इतनी जल्दी जल रही है तो साफ है कि सामग्री की गुणवत्ता में भारी गड़बड़ी है और इसमें भ्रष्टाचार की बू साफ दिखाई दे रही है।

रातभर बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में लोग पूरी रात जागने को मजबूर हैं, वहीं छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जनता बिजली संकट से जूझ रही है और जिम्मेदार अधिकारी चैन की नींद सो रहे हैं।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के डीई नितिन छीपा को कई बार फोन लगाए गए, लेकिन उन्होंने फोन तक उठाना उचित नहीं समझा, जिससे लोगों में विभाग के प्रति और अधिक नाराजगी देखने को मिल रही है।

क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने, घटिया सामग्री उपयोग करने वालों पर सख्त कदम उठाने और शहर की बिजली व्यवस्था को सुधारने की मांग की है, ताकि आम जनता को बार-बार इस परेशानी का सामना न करना पड़े।