सिवनी - नगर की ऐतिहासिक धरोहर दलसागर तालाब के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान में विधायक दिनेश राय, कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। तीनों अधिकारियों ने स्वयं तालाब परिसर में सफाई कार्य कर स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया।

 

अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वच्छता एवं जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

 

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोड़िया, जनपद पंचायत अध्यक्ष किरण भलावी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली शाह, अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

सभी सहभागियों ने श्रमदान कर दलसागर तालाब की स्वच्छता एवं संरक्षण में योगदान दिया तथा नगरवासियों को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अभियान के दौरान तालाब परिसर की साफ-सफाई कर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ शहर निर्माण का संकल्प भी लिया गया।