आमला। लगातार हो रही बारिश के बीच माल गोदाम क्षेत्र में कीचड़ से परेशान लोगों को मंगलवार को बड़ी राहत मिली। वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर की मांग पर नगर पालिका परिषद आमला ने हनुमान मंदिर के सामने स्थित मार्ग सहित माल गोदाम क्षेत्र में डस्ट मुरूम बिछाकर आवागमन सुचारु कराया।
पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने बताया कि माल गोदाम क्षेत्र रेलवे की भूमि पर स्थित है। रेलवे प्रशासन द्वारा अब तक पक्की सड़क निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी नहीं किए जाने के कारण यहां स्थायी सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। यही वजह है कि हर वर्ष बारिश शुरू होते ही यह मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाता है और क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से हनुमान मंदिर के सामने सड़क पर अत्यधिक कीचड़ जमा हो गया था। इससे बच्चों को स्कूल जाने, महिलाओं को दैनिक कार्यों के लिए निकलने तथा बुजुर्गों को आवाजाही में काफी कठिनाई हो रही थी। हालात इतने खराब थे कि करीब एक सप्ताह से नगर पालिका का कचरा संग्रहण वाहन भी क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पा रहा था, जिससे सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो गई थी।
क्षेत्रवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद ने नगर पालिका अधिकारियों से तत्काल डस्ट मुरूम डलवाने की मांग की। मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर पालिका ने जेसीबी एवं वाहनों की सहायता से पूरे मार्ग पर डस्ट मुरूम बिछाकर रास्ते को समतल किया, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिली और आवागमन फिर से सामान्य हो गया।
पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने कहा कि यह केवल अस्थायी समाधान है। क्षेत्र की स्थायी समस्या का समाधान तभी संभव होगा जब रेलवे प्रशासन पक्की सड़क निर्माण के लिए एनओसी प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि रेलवे रेस्ट हाउस की ओर जाने वाली कच्ची सड़क की मरम्मत का कार्य भी जल्द कराया जाएगा, जिससे बारिश के मौसम में लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई और पार्षद की पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में रेलवे और नगर पालिका के समन्वय से इस क्षेत्र में स्थायी सड़क निर्माण का रास्ता भी जल्द साफ होगा।
Continue With Google
Comments (0)