सावंगी की हंशिका साहू बनीं एक दिन की सरपंच, ग्रामीणों ने कहा अनूठी पहल

बैतूल जिले की प्रभात पट्टन जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सावंगी में एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, पंचायत भवन में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम के दौरान हंशिका साहू को प्रतीकात्मक रूप से एक दिन के लिए सरपंच बनाया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण,जनप्रतिनिधि एवं पंचायत कर्मचारी उपस्थित रहे।

आमतौर पर लोगों ने फिल्मों या समाचारों में एक दिन के मुख्यमंत्री जैसी पहल के बारे में सुना होगा, लेकिन सावंगी ग्राम पंचायत में एक छात्रा को एक दिन की सरपंच बनाने का अभिनव प्रयोग किया गया।

इस पहल का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, पंचायत संचालन एवं नेतृत्व की जिम्मेदारियों से परिचित कराना था।

जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए ग्राम पंचायत की सरपंच सुजाता पंकज राउत एवं सचिव को उच्च अधिकारियों से अनुमति लेनी पड़ी।

आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद पंचायत भवन में विधिवत कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हंशिका साहू को एक दिन के सरपंच की जिम्मेदारी प्रतीकात्मक रूप से सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान हंशिका साहू ने पंचायत की कार्यप्रणाली को समझा तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की। 

उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में नेतृत्व क्षमता विकसित होगी और वे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
ग्राम पंचायत सावंगी की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है तथा इसे बालिकाओं के सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।