सीहोर जिले में आज दोपहर 3:15 बजे के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। जिला मुख्यालय सीहोर में काफी देर तक तेज बारिश हुई और चने के आकार के ओले गिरे। इछावर के ग्राम नादान समापुरा में भी ओले बरसात हुई है । बीते 24 घंटे के दौरान जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले की तुलना में दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। कल शाम 7 बजे के बाद से ही मौसम का मिजाज बदल गया था, आसमान में काले घने बादल छा गए थे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई थी। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
एक-दो दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण हुआ है। विभाग ने अगले एक-दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना जताई है। मौसम में आ रही नमी के कारण आगामी कुछ दिनों तक शाम के समय मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मार्च माह की शुरुआत से लेकर 31 तारीख तक पूरे महीने मौसम काफी गर्म रहा था। इस दौरान अधिकतम तापमान लगातार 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ था। हालांकि, महीने के अंतिम दिनों में मौसम ने अचानक करवट ली और आज एक अप्रैल को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और काले घने बादलों के कारण बीते 24 घंटे में लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।
7 दिनों का तापमान
26 मार्च: 39 डिग्री सेल्सियस
27 मार्च: 36 डिग्री सेल्सियस
28 मार्च: 38 डिग्री सेल्सियस
29 मार्च: 38 डिग्री सेल्सियस
30 मार्च: 39 डिग्री सेल्सियस
31 मार्च: 30 डिग्री सेल्सियस
1 अप्रैल: 32 डिग्री सेल्सियस

Continue With Google
Comments (0)