खिमलासा में धार्मिक स्थलों पर हमला: हनुमान मंदिर में असामाजिक तत्वों की करतूत

खिमलासा/बीना: खिमलासा थाना क्षेत्र में धार्मिक स्थलों पर हमले की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में ग्राम भरछा में शिव मंदिर की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया गया था। अब रामसागर मंदिर, जहां हनुमान जी और देवी के मंदिर हैं, को निशाना बनाया गया है।

हनुमान मंदिर में असामाजिक तत्वों ने मूर्ति का अपमान कर इसे अपवित्र कर दिया। खिमलासा के लोग मानते हैं कि संकटमोचन हनुमान जी उनके गांव की रक्षा करते हैं। घटना की जानकारी तब मिली जब कैलाश कुशवाहा ने शाम 6 बजे प्रसाद चढ़ाने के लिए मंदिर का दौरा किया और देखा कि मूर्ति को मैला मल लगा कर अपवित्र किया गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही कैलाश ने अपने भाई लालाराम कुशवाहा और अन्य भक्तों को बुलाया। रामसागर मंदिर के प्राचीन धरोहर होने के कारण यह घटना लोगों के लिए गहरी चिंता का विषय बन गई। सभी लोग खिमलासा थाना पहुंचे और घटना की सूचना दी।

थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। बीना के एसडीओपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मूर्ति को साफ करवाया। लालाराम कुशवाहा ने देर रात 10 बजे खिमलासा थाने में असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

प्रतिपाल राजपूत, बीना/खिमलासा