*बच्चों के विरोध के बाद टौरिया स्कूल पहुंचा प्रशासन, तहसीलदार-टीआई ने लिया जायजा* *पलेरा।* प्राथमिक स्कूल टौरिया में गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर बच्चों के विरोध के बाद सोमवार को प्रशासनिक अमला स्कूल पहुंचा। तहसीलदार पलक जैन और थाना प्रभारी प्रीति भार्गव ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शनिवार को स्कूली बच्चों ने गंदगी, टूटे पंखे और अव्यवस्थाओं से नाराज होकर स्कूल में ताला लगाकर विरोध जताया था। बच्चों का कहना था कि शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हो रहा है। इसके बाद शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और अभिभावकों ने थाने में शिकायत की थी। सोमवार को तहसीलदार और टीआई गांव पहुंचे। स्कूल परिसर का निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और पूरे मामले से जिला प्रशासन को अवगत कराया। तहसीलदार पलक जैन ने बच्चों से बातचीत कर नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों के सहयोग से स्कूल में स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई भी कराई गई। अधिकारियों ने व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए।