टीकमगढ़ जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग की कार्रवाई - तीन स्थानों पर छापामार कार्रवाई, दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां एवं एक ट्रैक्टर जब्त, अवैध उत्खनन में संलिप्त डीजल इंजन पंप नष्ट किया - टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा शनिवार सुबह तड़के विभिन्न रेत घाटों पर गोपनीय तरीके से छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान बिना अनुमति खनिज परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा नदी क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त अन्य वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वप्रथम पगारा जंगल-मवई मार्ग पर बिना रजिस्ट्रेशन नंबर का एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरम खनिज का बिना अनुमति परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक ने मवई ग्राम में ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन खनिज विभाग के दल ने काफी मशक्कत के बाद वाहन को पकड़ लिया। आवश्यक रॉयल्टी नहीं होने पर वाहन को जब्त कर पुलिस चौकी मजना में खड़ा कराया गया। इसके बाद जतारा क्षेत्र के ग्राम चंद्रपुरा एवं रामगढ़ में नदी क्षेत्र में आकस्मिक छापामार कार्रवाई की गई। यहां अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर रहे अज्ञात उत्खननकर्ता खनिज विभाग के दल को देखकर ट्रॉली में भरी रेत खाली कर ट्रॉली छोड़कर भाग गए। विभागीय दल ने अन्य ट्रैक्टर की सहायता से ट्रॉली को नदी घाट से बाहर निकलवाकर जब्त किया तथा पुलिस चौकी मजना में खड़ा कराया। इसी क्रम में चंदेरा क्षेत्र के ग्राम पठारी एवं मडोरी स्थित नदी रेत घाटों की जांच के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त पाया गया। कार्रवाई के दौरान अज्ञात उत्खननकर्ता रेत खाली कर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान ट्रॉली मार्ग में पलट गई और चालक मौके से भाग गया। विभागीय दल ने बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के ट्रैक्टर को जब्त कर थाना चंदेरा में खड़ा कराया। इसके अतिरिक्त मडोरी नदी क्षेत्र में अवैध उत्खनन के लिए उपयोग किए जा रहे डीजल इंजन पंप को नष्ट किया गया। कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी कुलदीप जैन, नवनियुक्त खनिज निरीक्षक स्वास्तिक देशमुख, होमगार्ड जवान पुष्पेंद्र खरे तथा खनिज विभाग के वाहन चालक हर्बल लोधी, राजेश चढ़ार एवं वीरेंद्र नायक शामिल रहे। #JansamparkMP #Jansamparktikamgarh #tikamgarh