*टीकमगढ़ में धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार: बेटियों को दी नसीहत, गरबा पंडालों में वराह प्रतिमा लगाने का दिया सुझाव* *टीकमगढ़।* सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार रात टीकमगढ़ पहुंचे। रात करीब 2:30 बजे कुंडेश्वर रोड स्थित पीजी कॉलेज परिसर में दिव्य दरबार लगाया गया। दरबार में उन्होंने बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर बनें लेकिन बुर्का वाली कभी न बनें। युवाओं से कहा - माना कि मोहब्बत बुरी नहीं है, लेकिन मां-बाप से ज्यादा जरूरी नहीं है। *गरबा पंडालों को लेकर सुझाव* नवरात्र में गरबा पंडालों में प्रवेश को लेकर उन्होंने कहा कि पंडाल के बाहर भगवान विष्णु के वराह अवतार की प्रतिमा लगाई जाए और प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति से प्रणाम कराया जाए। इससे गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लग सकेगी। *चोरी की घटनाओं पर बयान* यात्रा के दौरान हुई चोरी की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने चार मुस्लिम युवकों को पकड़ा है, जिन पर अलग-अलग जगह चोरी का आरोप है। उन्होंने कहा कि यात्रा को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। *बड़ागांव से पहुंची यात्रा* रथ यात्रा रात 9:30 बजे बड़ागांव धसान के रास्ते जिले में दाखिल हुई। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर स्वागत किया। धीरेंद्र शास्त्री संत रविदास मंदिर और खड़े हनुमान मंदिर में पूजा करने पहुंचे। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की। आयोजक राजेंद्र तिवारी के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर 25 हजार लोगों के भोजन और 5 हजार लोगों के विश्राम की व्यवस्था की गई थी। गुरुवार को यात्रा मुख्य बाजार होते हुए जतारा के रास्ते मऊरानीपुर के लिए रवाना हुई।